BiharCrimeLife StylePatna

संपतचक के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार


फुलवारी शरीफ, अजीत: पटना के संपतचक थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमांचक गांव में चर्चित प्रॉपर्टी डीलर अशर्फी राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घटना के मुख्य साजिशकर्ता रंजीत राय को पुलिस ने बिहटा के बेला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2025 की शाम करीब 75 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर अशर्फी राय अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं. गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी.
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था. भाग रहे दोनों हमलावरों को स्थानीय लोगों ने कुछ दूरी पर पकड़ लिया और पीट-पीटकर मार डाला था. इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला था कि अशर्फी राय का पड़ोसी रंजीत राय से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. बताया गया कि विवादित जमीन के मामले में फैसला अशर्फी राय के पक्ष में हुआ था, जिससे रंजीत राय नाराज चल रहा था. पुलिस जांच में सामने आया कि इसी रंजिश में उसने सुपारी देकर हत्या करवाई थी.
घटना के बाद से ही रंजीत राय अपने परिवार के साथ फरार था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर बिहटा क्षेत्र में उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर उसे दबोच लिया.
गोपालपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button