कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर में दिवाली कार्निवाल का रंगारंग आगाज
बच्चों के फूड फेस्टिवल ने मोहा सबका मन
10 स्टॉलों पर सजे लजीज व्यंजन, नन्हे कारोबारियों ने दिखाया हुनर; सीखे आत्मनिर्भरता और प्रबंधन के गुर
फुलवारी शरीफ, अजीत। कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को तीन दिवसीय दिवाली कार्निवाल 2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। कार्निवाल के पहले दिन आयोजित फूड फेस्टिवल में विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया। बच्चों ने न केवल अपने पाक-कौशल का प्रदर्शन किया, बल्कि स्टॉल लगाकर कारोबार और प्रबंधन की बारीकियां भी सीखीं।
कार्यक्रम का उद्घाटन कुमुदिनी एजुकेशनल कम चैरिटेबल ट्रस्ट की चेयरपर्सन उषा कुमारी और विद्यालय की प्राचार्या अंकिता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

फूड फेस्टिवल में कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों ने कुल 10 आकर्षक स्टॉल लगाए। बच्चों ने अलग-अलग थीम पर अपने स्टॉल सजाए, जहां इडली-सांभर, चाट-पकौड़े, समोसे, पाव-भाजी, पास्ता, सैंडविच, कप केक, गुलाब जामुन और जलेबी समेत कई स्वादिष्ट शाकाहारी व्यंजन परोसे गए। बच्चों के बनाए और सजाए गए स्टॉल अभिभावकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहे।
स्वच्छता के साथ दिखा बच्चों का हुनर
फूड फेस्टिवल में बच्चों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा। सभी बच्चे एप्रन, सिर ढकने वाले कवर और दस्ताने पहनकर खाद्य सामग्री का वितरण करते नजर आए। अभिभावकों ने बच्चों की इस पहल और उनके आत्मविश्वास की जमकर सराहना की। खास बात यह रही कि फूड फेस्टिवल से प्राप्त राशि का उपयोग विद्यालय के सामाजिक कार्यों में किया जाएगा।
इस अवसर पर ट्रस्ट की चेयरपर्सन उषा कुमारी ने कहा कि दिवाली प्रेम, सहयोग और खुशियां बांटने का पर्व है। इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और व्यावहारिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं प्राचार्या अंकिता कुमारी ने कहा कि विद्यालय में किताबी शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को व्यावहारिक जीवन कौशल सिखाने पर भी विशेष जोर दिया जाता है। फूड फेस्टिवल के माध्यम से बच्चों ने बजट बनाने, स्टॉल का प्रबंधन करने, ग्राहकों से बातचीत करने और स्वच्छता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण गुर सीखे हैं।
5 नवंबर को होगा कार्निवाल का समापन
तीन दिवसीय दिवाली कार्निवाल का समापन 5 नवंबर को होगा। अंतिम दिन घरौंदा बनाओ, दीया सजाओ और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। अंत में प्राचार्या अंकिता कुमारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



