फुलवारी में गैस उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, होम डिलीवरी नहीं होने का आरोप
डीएनए नंबर मिलने के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर, एजेंसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन.
उपभोक्ताओं ने कहा – नौकरी करने जाए कि सिलेंडर लेने घंटों लाइन लगाए ?
फुलवारी शरीफ, अजीत:फुलवारी शरीफ के नोहसा स्थित सुलभ गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. गुरुवार को दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोगों ने एजेंसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और गैस वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की. नाराज उपभोक्ताओं ने एजेंसी प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की.कई महिला और बुजुर्ग उपभोक्ताओं न रुआंसे होकर कहा कि भीषण गर्मी में भी एजेंसियां अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रही अब हम कहां जाए ? सड़क जाम करते है तो स्थानीय पुलिस मुकदमा करने की धमकी देती है लाठी चलाती है .
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि गैस बुकिंग कराने के बाद उन्हें डीएनए नंबर जारी कर दिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद समय पर सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की जाती. कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके मोबाइल पर डिलीवरी का संदेश भी आ जाता है, जबकि वास्तविक रूप से उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिलता. इसके कारण लोगों को एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी की व्यवस्था लगभग ठप हो गई है. सिलेंडर प्राप्त करने के लिए लोगों को अपना कामकाज छोड़कर एजेंसी के पास घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है. लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर वे नौकरी और अन्य जरूरी काम करें या फिर गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के बाहर इंतजार करते रहें.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है. उनका कहना है कि पहले भी प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जा चुकी है, इसके बावजूद उपभोक्ताओं की परेशानी कम नहीं हुई.
प्रदर्शन में शामिल उपेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराने के बजाय एजेंसी की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
वहीं सुलभ गैस एजेंसी की प्रोपराइटर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी उपभोक्ताओं को गैस की होम डिलीवरी उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार घर-घर गैस पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी.
हालांकि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जमीनी स्तर पर स्थिति कुछ और ही है. उनका आरोप है कि होम डिलीवरी व्यवस्था प्रभावी नहीं होने के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है. लोगों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर उपभोक्ताओं के हित में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. .
पटना से अजीत कुमार की रिपोर्ट



