BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatna

एम्स में मरीज के परिजन का हंगामा, सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़, एफआईआर दर्ज

फुलवारी शरीफ, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना के एआईबी वार्ड में मरीज के एक परिजन द्वारा हंगामा करने, स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर एम्स प्रशासन की ओर से फुलवारी शरीफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

एम्स के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राज कुमार जालान द्वारा फुलवारी शरीफ थाना को दिए गए आवेदन के अनुसार 20 मई 2026 की रात करीब आठ बजे एआईबी वार्ड में भर्ती 66 वर्षीय मरीज अरुण कुमार यादव का इलाज चल रहा था. मरीज मल्टीपल मायलोमा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सेप्सिस एवं सेप्टिक शॉक जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे. उनकी हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों की टीम आवश्यक उपचार और सीपीआर की प्रक्रिया में लगी हुई थी.

इसी दौरान मरीज के परिजन निखिल राव, उम्र 19 वर्ष, निवासी सिमरी थाना क्षेत्र, जिला बक्सर, जबरन वार्ड में प्रवेश कर गए. आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया, उन्हें धमकाया तथा उपचार कार्य में बाधा उत्पन्न की.

एम्स प्रशासन के अनुसार हंगामे के दौरान सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया. क्षतिग्रस्त सामानों में यूएसजी मशीन, क्रैश कार्ट, ड्रेसिंग ट्रॉली एवं पोर्टेबल पल्स ऑक्सीमीटर शामिल हैं. आरोप है कि अस्पताल परिसर में सामान फेंककर भय और अव्यवस्था का माहौल भी उत्पन्न किया गया, जिससे चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हुईं.

Advertisement

घटना के समय नर्सिंग ऑफिसर नेहा पटेल, दीपाली ठाकुर, ज्योति कुमारी, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी किशोर कुमार परिहार, लेखराज बैरवा तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे. वहीं जूनियर रेजिडेंट चिकित्सक डॉ. आरोन एंटोनिया, डॉ. दक्ष कृष्णानी और डॉ. उपमन्यु नाग भी उपचार कार्य में लगे हुए थे.

घटना की सूचना मिलने पर एम्स की क्यूआरटी टीम ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद संबंधित युवक को अपने साथ थाना ले जाया गया.

एम्स प्रशासन ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, स्वास्थ्यकर्मियों को धमकाने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा अस्पताल परिसर में अव्यवस्था फैलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है. फुलवारी शरीफ थाना में कांड संख्या 958/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button