निजी विद्यालय के सुरक्षा प्रहरी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
विद्यालय की छत से गिरने की बात सामने आई, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच.
फुलवारी शरिफ, अजीत: परसा बाजार थाना क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय में कार्यरत सुरक्षा प्रहरी की शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान गौरीचक थाना क्षेत्र के वरुणा गांव निवासी मनिका राय के 35 वर्षीय पुत्र गोप यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, गोप यादव शुक्रवार रात प्रतिदिन की तरह ड्यूटी पर गए थे. शनिवार सुबह परिजनों को उनकी मौत की सूचना मिली. प्रारंभिक जानकारी में विद्यालय की छत से गिरने के कारण उनकी मौत होने की बात सामने आई है. सूचना मिलते ही परसा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने विद्यालय परिसर में लगे निगरानी कैमरों के दृश्य भी खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
इधर, मृतक के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि गोप यादव की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को विद्यालय की छत से नीचे फेंका गया. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की जांच तथा निगरानी कैमरों के दृश्यों के विश्लेषण के बाद ही हो सकेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है. यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



