गांव में सड़क किनारे अधेड़ शख्स का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका में जांच तेज
फुलवारी शरीफ, अजीत. संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के गोपालपुर थाना अंतर्गत भोगीपुर गांव में शनिवार की सुबह सड़क किनारे बालू के ढेर के पास एक अज्ञात अधेड़ उम्र के शख्स का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्काल इसकी सूचना डायल 112 तथा गोपालपुर थाना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और वैज्ञानिक तरीके से जांच की.
मृतक की उम्र लगभग 65 वर्ष आंकी जा रही है. वह लूंगी और गंजी पहने हुए था. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी.
घटनास्थल के आसपास इन दिनों कई निर्माण कार्य चल रहे हैं. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मृतक मजदूरी के सिलसिले में इलाके में आया होगा. प्रारंभिक तौर पर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है. आशंका है कि हत्या के बाद शव को बालू के ढेर के पास लाकर छोड़ दिया गया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा ताकि उसकी पहचान कराई जा सके. इस दौरान पुलिस आसपास के लोगों और संभावित स्रोतों से गुप्त रूप से जानकारी जुटा रही है कि मृतक कौन था, वह इस इलाके में कैसे पहुंचा और उसकी मौत के पीछे क्या कारण रहे.
गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि भोगीपुर गांव में लगभग 65 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है. उसके शरीर पर लूंगी और गंजी थी. उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है.



