BiharENTERTAINMENTGamesLife StyleNationalPatnaTechरोजगार

अंचल कार्यालय के बाहर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, लंबित कार्यों से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन

फुलवारी शरीफ। फुलवारी शरीफ अंचल कार्यालय में गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। कुरकुरी पंचायत के मुखिया के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए अंचल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि महीनों से राजस्व एवं अन्य सरकारी कार्य लंबित पड़े हैं और बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान अंचलाधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने से लोगों की नाराजगी और बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना था कि आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कई बार कार्यालय आना पड़ता है, लेकिन समय पर कोई सुनवाई नहीं होती।

कुरकुरी पंचायत के मुखिया ने आरोप लगाया कि वर्तमान अंचलाधिकारी के पदभार संभालने के बाद से राजस्व एवं विकास से जुड़े अधिकांश मामलों का निष्पादन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले लोगों के कार्य निर्धारित समय पर पूरे हो जाते थे, लेकिन अब फाइलें महीनों तक लंबित पड़ी रहती हैं, जिससे आम लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गोनपुरा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य रामप्रवेश सिंह ने भी अंचलाधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सकरेचा में आयोजित सहयोग शिविर में भूमि विवादों के समाधान के लिए अंचलाधिकारी की उपस्थिति अपेक्षित थी, लेकिन वह वहां भी मौजूद नहीं थीं। उनका आरोप था कि जनसमस्याओं का समाधान करने के बजाय जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई और मुकदमा दर्ज कराने की बात कही जाती है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार तथा आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

Advertisement

वहीं, फुलवारी शरीफ की अंचलाधिकारी प्रियंका कुमारी ने प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव कार्य के कारण वह स्वयं तथा अंचल कार्यालय के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में व्यस्त थे। इसी कारण कुछ मामलों के निष्पादन में देरी हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव संबंधी कार्यों के पूरा होने के बाद सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा किया जाएगा और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button