दानापुर। अजीत ,दानापुर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 526.32 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने शराब की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे एक टेम्पो, एक कार और एक ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त की रात गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर थाना क्षेत्र के अशोक पुरी कॉलोनी रोड स्थित लेखा नगर के पास कुछ लोग दो से तीन वाहनों पर अवैध विदेशी शराब लोड कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक, दानापुर-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर खड़े एक टेम्पो, एक कार और एक ट्रैक्टर की तलाशी ली। तीनों वाहन लावारिस अवस्था में मिले। तलाशी के दौरान वाहनों से कुल 526.32 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल शराब की खेप और तीनों वाहनों को जब्त कर लिया।
इस संबंध में दानापुर थाना कांड संख्या 859/26 दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि बरामद शराब के स्रोत तथा तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। घटनास्थल से फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



