BiharCrimeENTERTAINMENTHEALTHLife StylePatnaTravel

नशे में धुत कार चालक ने मचाया उत्पात, कई वाहनों को मारी टक्कर, भीड़ ने जमकर पीटा

फुलवारी शरीफ, अजीत: फुलवारी शरीफ थाना से चंद कदम की दूरी पर नशे में धुत कार चालक ने जमकर उत्पात मचाया. अनियंत्रित कार चालक ने कई लोगों को धक्का मारने के साथ कई वाहनों में टक्कर मार दी. एक दुकान में घुसने की कोशिश करने के बाद चालक भागने लगा, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित भीड़ इस कदर उग्र हो गई कि लोग चालक की जान लेने पर आमादा हो गए. सफेद रंग की कार में दो लोग सवार थे जिनमें दोनों की जमकर पिटाई हुई है.

बताया जाता है कि चालक को पकड़ने के लिए पुलिसकर्मियों ने कई बार प्रयास किया. पुलिस उसे पकड़कर गाड़ी में बैठाने की कोशिश करती, लेकिन वह पुलिसकर्मियों से ही हाथापाई और उठा-पटक करने लगता और मौका मिलते ही भागने का प्रयास करता. इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर उसे पकड़ लिया. चालक के पकड़े जाने के बाद भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी.

पुलिसकर्मी बार-बार चालक को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लेने और पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास करते रहे, लेकिन उग्र भीड़ उसे छोड़ने को तैयार नहीं थी. चालक किसी तरह पुलिस के कब्जे से निकलकर भागने की कोशिश करता, तो लोग फिर उसे पकड़ लेते और उसकी पिटाई शुरू कर देते. इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच भी धक्का-मुक्की और खींचतान की स्थिति बनी रही.

बताया जा रहा है कि काफी देर तक चालक और कार सवार एक अन्य भीड़ के बीच पिटता रहा. लोगों ने उसके कपड़े तक फाड़ दिए, जिससे वह अर्धनग्न अवस्था में हो गया. पुलिसकर्मी लगातार उसे बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन उग्र भीड़ के सामने काफी देर तक पुलिस भी बेबस नजर आई. आखिरकार किसी तरह पुलिस चालक को भीड़ के कब्जे से निकालकर अस्पताल ले गई. मारपीट में चालक बुरी तरह जख्मी हो गया.

Advertisement

आक्रोशित लोगों ने चालक की कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक की हरकतों से लोग इतने आक्रोशित थे कि वे उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे.

थाना से चंद कदम की दूरी पर पुलिस व्यवस्था पर बड़ा सवाल

घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल पुलिस की मौजूदगी को लेकर उठ रहा है. जिस जगह यह पूरा घटनाक्रम हुआ, वह फुलवारी शरीफ थाना और शहीद भगत सिंह चौक से महज करीब 50 से 100 मीटर की दूरी पर बताई जा रही है. शहीद भगत सिंह चौक पर भी अक्सर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है. इसके बावजूद नशे में धुत चालक द्वारा उत्पात मचाने, कई वाहनों को टक्कर मारने और उसके बाद भीड़ द्वारा काफी देर तक चालक की पिटाई किए जाने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

लोगों का कहना है कि यदि घटनास्थल थाना से इतनी कम दूरी पर है और पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, तो चालक को भीड़ से तत्काल क्यों नहीं बचाया जा सका. वहीं, भीड़ द्वारा पुलिस के सामने कानून हाथ में लेने और चालक की लगातार पिटाई किए जाने से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं.

मामले में चालक को गिरफ्तार किए जाने और उसके खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए फुलवारी शरीफ ट्रैफिक पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी. थाने में भी गिरफ्तार चालक के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने के लिए कोई पुलिस अधिकारी तैयार नहीं था. हालांकि सूत्रों के अनुसार पता चला है कि कार में टमटम पड़ाव फुलवारी निवासी रविंद्र कुमार का बेटा रंजीत कुमार और बिड़ला कॉलोनी फुलवारी निवासी घनश्याम चौहान का बेटा रंजीत चौहान थे जिनकी भीड़ में बुरी तह पिटाई किया है .इनका कार कौन रंजीत चला रहा था यह स्पष्ट नहीं हुआ ही है लेकिन दोनों शराब के नशे में धुत्त थे जिसके चलते नया टोला बिस्कुट दुकान के पास अत्यधिक भीड़ शाम के वक्त होने के चलते अनियंत्रित होकर कई वाहनों में धक्का मार दिए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button