श्याम रजक, नीरज कुमार के समर्थन में संवाद कार्यक्रम आयोजित.
फुलवारी शरीफ, अजीत: जदयू विधायक श्याम रजक ने अपने फुलवारी विधानसभा क्षेत्र से जनप्रतिनिधियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर आगामी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया. पूर्व मंत्री सह फुलवारी शरीफ से जदयू विधायक श्याम रजक के 28 क्रांति मार्ग (हार्डिंग रोड), पटना स्थित सरकारी आवास पर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मौजूद एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नीरज कुमार के समर्थन में एकजुट होकर चुनाव में उन्हें विजयी बनाने का संकल्प लिया.हालांकि, संवाद कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी सामने आई. कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को नेताओं से संवाद और सम्मान की अपेक्षा रहती है. कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब वे किसी काम के सिलसिले में नीरज कुमार से मिलने जाते हैं तो कई बार उन्हें पहचानने से भी इनकार कर दिया जाता है. कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि फुलवारी शरीफ, मसौढ़ी, पुनपुन और नौबतपुर जैसे क्षेत्रों में नीरज कुमार का कार्यकर्ताओं के बीच पर्याप्त संपर्क नहीं रहा है. उनका कहना था कि इन इलाकों में नीरज कुमार कई बार कार्यकर्ताओं से मिलने तक नहीं पहुंचते हैं.
कार्यक्रम में जदयू और एनडीए के नेताओं एवं संगठन पदाधिकारियों ने संबोधित किया. वक्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों की चर्चा की. साथ ही मंत्री निशांत कुमार के युवा नेता के रूप में किए जा रहे कार्यों और विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका का उल्लेख किया.
कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने कहा कि एनडीए ने उन्हें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि जदयू अपने कर्म, संगठन की मजबूती और अनुशासन के बल पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर पूरी ताकत के साथ जुटने और मतदाताओं से संपर्क करने की अपील की.
वहीं, जदयू के वरिष्ठ नेता सह विधायक श्याम रजक ने कहा कि जदयू एक मजबूत और अनुशासित राजनीतिक संगठन है. उन्होंने कहा कि पार्टी पर विरोध का कोई असर नहीं पड़ेगा. नीरज कुमार के खिलाफ अनंत कुमार द्वारा किए जा रहे विरोध के सवाल पर श्याम रजक ने कहा कि कौन क्या कह रहा है, इससे पार्टी को कोई मतलब नहीं है. एनडीए ने नीरज कुमार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है और पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है.
फुलवारी शरीफ नगर परिषद के अध्यक्ष मो. आफताब आलम ने कहा कि अनंत सिंह के विरोध का चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में काम करने की अपील की. कार्यक्रम में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच पहुंचकर सरकार और संगठन की नीतियों की जानकारी देने तथा नीरज कुमार के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया.
मौके पर विधान पार्षद रविंद्र प्रसाद सिंह, पटना जदयू छात्र अध्यक्ष नीतीश पटेल, फुलवारी नगर परिषद के अध्यक्ष मो. आफताब आलम, पटना जदयू महानगर अध्यक्ष अभय कुशवाहा, फुलवारी जदयू प्रखंड अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह, अधिवक्ता प्रिय रंजन कुमार, सन्नी कुमार, राजू रजक, टुनटुन यादव, निर्भय कुमार सिंह, शैलेंद्र सिंह, कर्मवीर आजाद, एसके सुमन सहित एनडीए गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.



