सेवानिवृत्त विद्युत विभाग के सहायक अभियंता के बंद फ्लैट में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
बच्चों की पढ़ाई के लिए परिवार के साथ पटेल नगर में रह रहे थे, बंद फ्लैट का ताला तोड़कर ले गए जेवर और नगदी.
फुलवारी शरीफ,
पटना जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के डोमनचक स्थित साईं डोमा इनक्लेव के एक बंद फ्लैट में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने सेवानिवृत्त सहायक अभियंता के फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली. घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
जानकारी के अनुसार प्रदीप कुमार राय विद्युत विभाग में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत थे और इसी वर्ष आरा में पदस्थापन के दौरान सेवानिवृत्त हुए हैं. बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के कारण वह परिवार के साथ पटेल नगर में किराये के मकान में रह रहे थे, जबकि डोमनचक स्थित उनका फ्लैट बंद पड़ा था.
19 जून की सुबह अपार्टमेंट के लोगों ने उन्हें फोन कर फ्लैट और मुख्य गेट का ताला टूटने की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है तथा अलमारियों के ताले तोड़ दिए गए हैं.
पीड़ित प्रदीप कुमार राय ने बताया कि चोरों ने करीब सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 55 हजार रुपये नगद, चेक बुक, एटीएम कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली.पीड़ित ने बताया कि उन्होंने चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
घटना की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. थाना अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.



