रामकृष्णानगर में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार, 7 वाहन बरामद
फुलवारी शरीफ, पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है तथा 7 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं.
जानकारी के अनुसार, वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन कर चौक-चौराहों, बैंक एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन निगरानी की जा रही थी. इसी क्रम में 17 अप्रैल को बैंक ऑफ इंडिया, रामकृष्णानगर के पास एक युवक को अपाची बाइक चोरी कर भागते हुए पुलिस ने पकड़ लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान अमर कश्यप के रूप में हुई है.
पुलिस पूछताछ में अमर कश्यप ने संगठित गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी. उसके निशानदेही पर गया जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर सुमित कुमार, विपुल कुमार, सन्दु राज, छोटू कुमार, सन्नी कुमार, कुंदन कुमार, साहिल कुमार, सत्यम कुमार एवं रितिक कुमार समेत कुल 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.
इस संबंध में रामकृष्णानगर थाना कांड संख्या 377/26, दिनांक 17.04.26 के तहत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने गिरोह के पास से हीरो स्प्लेंडर, पल्सर, अपाची, होंडा शाइन सहित कुल 7 वाहन बरामद किए हैं.
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह एक संगठित अंतरजिला बाइक चोर गिरोह है, जो पटना समेत आसपास के जिलों में सक्रिय था. सभी गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.
इस कार्रवाई में अपर थानाध्यक्ष मिथुन कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा.



