विश्व धरोहर दिवस पर कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर में चित्रकला, ड्रॉइंग एवं निबंध प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
.फुलवारी शरीफ, विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर पटना स्थित कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर में विद्यालय परिवार द्वारा अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ चित्रकला, ड्रॉइंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में प्ले ग्रुप से लेकर उच्च कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के विषयों से अवगत कराया गया. छोटे बच्चों (प्ले ग्रुप से कक्षा 1 तक) ने रंगों के माध्यम से भारत की प्रसिद्ध धरोहरों जैसे ताजमहल, कुतुब मीनार और इंडिया गेट के सुंदर एवं आकर्षक चित्र बनाए. वहीं बड़े विद्यार्थियों ने ड्रॉइंग और निबंध के जरिए विश्व धरोहरों के संरक्षण, उनके ऐतिहासिक महत्व तथा वर्तमान समय में उनकी सुरक्षा की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए. मैनेजिंग डायरेक्टर मिस उषा कुमारी ने विद्यार्थियों को विश्व धरोहर दिवस और सांस्कृतिक व ऐतिहासिक विरासत के महत्व को समझाया.उन्होंने कहा धरोहरें केवल इमारतें नहीं, बल्कि हमारे इतिहास, संस्कृति और परंपराओं की जीवित पहचान हैं. यदि इन्हें सहेजकर नहीं रखा गया तो आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों से कट जाएंगी. इसलिए हर विद्यार्थी का कर्तव्य है कि वह धरोहरों के संरक्षण के प्रति सजग रहे और समाज में भी जागरूकता फैलाए.विद्यालय की प्राचार्या अंकिता ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान और संवेदनशीलता सिखाती हैं. हमारे विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं.कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और रचनात्मकता का माहौल देखने को मिला. बच्चों ने पूरे मनोयोग से अपने चित्र और निबंध तैयार किए, जिसे देखकर शिक्षकगण और अभिभावक काफी प्रभावित हुए.अंत में निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया.



