24 घंटे के भीतर दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी
गोपालपुर के बाद रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में मिला युवक का शव
फुलवारी शरीफ. पटना के पूर्वी इलाके में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है. एक दिन पहले गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है. वहीं गुरुवार को रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के नई ढेलवा कॉलोनी में एक युवक का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र से बरामद अज्ञात युवक के हाथ पर “शकील” लिखा हुआ है. पुलिस ने पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा है ताकि परिजन अथवा परिचित उसकी पहचान कर सकें.
इधर, रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के नई ढेलवा कॉलोनी में गुरुवार को एक युवक का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान हरीश राज (पिता-संतोष सिंह) के रूप में हुई है, जो पीरबहोर थाना क्षेत्र के पटना कॉलोनी का निवासी बताया जाता है.
पटना सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं. मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
लगातार दो दिनों के भीतर सटे हुए इलाकों में दो युवकों के शव मिलने से स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल है. पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है. गोपालपुर मामले में अज्ञात शव की पहचान कराने का प्रयास जारी है, जबकि रामकृष्ण नगर पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है.
पटना से अजीत कुमार कीरिपोर्ट



