फुलवारी शरीफ: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाकपा माले और खेग्रामस के आह्वान पर फुलवारी प्रखंड मुख्यालय पर गुरुवार को अनशन और सत्याग्रह शुरू हुआ. यह अनशन 14 अगस्त को भी जारी रहेगा. अनशन के माध्यम से गरीबों, भूमिहीनों, मजदूरों और पेंशनधारियों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई गई.
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में बुलडोजर राज पर रोक लगाने, वर्षों से बसे गरीबों को पर्चा देने, पीपी एक्ट 1947 के तहत सभी भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन देने, राशन कार्ड से नाम काटने पर रोक लगाने और नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग शामिल है. इसके अलावा रुकी हुई वृद्ध एवं दिव्यांग पेंशन तत्काल चालू करने और पेंशन की राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने की मांग की गई.

प्रदर्शनकारियों ने हर घर से 1200 रुपये होल्डिंग टैक्स वसूली पर रोक लगाने, प्रत्येक पंचायत में आवासीय कॉलोनी बनाने, मनरेगा कानून को पूर्ण रूप से बहाल करने तथा ग्रामीण मजदूरों को 700 रुपये दैनिक मजदूरी देने की मांग भी उठाई.
सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने और शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग की गई. इसके साथ ही फुलवारी प्रखंड को सूखाग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की भी मांग की गई.
सामूहिक अनशन में भाकपा माले के प्रखंड सचिव गुरदेव दास, कामरेड शरीफा मांझी, ललिन पासवान, अनिल कुमार, चंद्रवंशी देवी, लाल पासवान समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
भाकपा माले प्रखंड सचिव गुरदेव दास ने कहा कि गरीबों और मजदूरों की जायज मांगों को लेकर शुरू किया गया अनशन 14 अगस्त को भी जारी रहेगा. उन्होंने सरकार से सभी मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की.



