जर्जर भवन से मिली निजात, नए थाना भवन में शिफ्ट हुआ गौरीचक थाना
फुलवारी शरीफ, अजीत: लंबे समय से जर्जर और पुराने भवन में संचालित हो रहे गौरीचक थाना को गुरुवार को नए भवन की सौगात मिली. गौरीचक थाना प्रभारी सुमन कुमार की देखरेख में पटना सिटी एसपी (पूर्वी) शैलजा ने फीता काटकर नए थाना भवन का विधिवत उद्घाटन किया. इस मौके पर डीएसपी सदर 2 रंजन कुमार भी पहुंचे.नए भवन के शुरू होने से पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के साथ-साथ थाना पहुंचने वाले आम लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.पहले कई वर्षों से गौरीचक थाना का संचालन कर्पूरी ठाकुर सामुदायिक भवन में हो रहा था जिसका लगातार विरोध हो रहा था.अब नए थाना का भवन में शिफ्ट हों जाने के बाद कर्पूरी ठाकुर सामुदायिक भवन आमजनता के लिए उपलब्ध हो गया है.

उद्घाटन के बाद एसपी पूर्वी शैलजा ने कहा कि गौरीचक थाना का पुराना भवन काफी जर्जर अवस्था में था. सीमित और पुराने संसाधनों के बीच किसी तरह थाना का संचालन किया जा रहा था. नए भवन के निर्माण से पुलिसकर्मियों को बेहतर माहौल और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी. आम लोगों के काम भी पहले की तुलना में बेहतर और सुविधाजनक तरीके से हो सकेंगे.
उन्होंने कहा कि नए थाना भवन में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. भवन में अनुसंधान कक्ष, सिरिस्ता कक्ष, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और चाइल्ड वेलफेयर फैसिलिटेशन रूम समेत अन्य आवश्यक कक्ष बनाए गए हैं. इन सुविधाओं के कारण मामलों के अनुसंधान, निगरानी और अपराध नियंत्रण में पुलिस को काफी सहूलियत होगी.
एसपी पूर्वी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस नए थाना भवन से पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को बेहतर तरीके से काम करने का अवसर मिलेगा. साथ ही थाना आने वाले लोगों के लिए भी सुविधाजनक वातावरण तैयार होगा. उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय के साथ कानून व्यवस्था को और मजबूत करने में नया भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा गौरतलब हो कि गौरीचक थाना लंबे समय से पुराने भवन में संचालित हो रहा था. भवन की जर्जर स्थिति के कारण पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को काम करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. वहीं शिकायत और अन्य कार्यों के लिए थाना पहुंचने वाले लोगों को भी असुविधा होती थी. नए भवन के उद्घाटन के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और खुशी जताई.



