महावीर कैंसर संस्थान में नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान, मरीजों और कर्मियों ने लिया संकल्प
फुलवारी शरीफ, अजीत: महावीर कैंसर संस्थान में गुरुवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से राष्ट्रव्यापी नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन ब्रह्माकुमारी एवं महावीर कैंसर संस्थान के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत 10 करोड़ लोगों को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया है. अभियान का उद्देश्य नशे और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना, स्वस्थ एवं मूल्यनिष्ठ जीवनशैली को बढ़ावा देना, सकारात्मक चिंतन विकसित करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को संकल्पित करना है.
इस दौरान महावीर कैंसर संस्थान के मरीजों, उनके अभिभावकों, चिकित्सकों एवं अन्य चिकित्सा कर्मियों ने परमपिता परमात्मा को साक्षी मानकर नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली. सभी ने संकल्प लिया कि वे किसी भी परिस्थिति में नशे का सेवन नहीं करेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशे से दूर रखने का प्रयास करेंगे. साथ ही नशे से संबंधित कानूनों का पालन करने, पर्यावरण को स्वच्छ एवं नशामुक्त रखने तथा मोबाइल फोन का संयमित उपयोग करने का भी संकल्प लिया गया.
प्रतिज्ञा के दौरान ‘स्व परिवर्तन से विश्व परिवर्तन’, ‘मेरा भारत नशामुक्त भारत’, ‘मेरा शहर नशामुक्त शहर’ और ‘मेरी संस्था नशामुक्त संस्था’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया.
कार्यक्रम में महावीर कैंसर संस्थान के निदेशक प्रशासन डॉ. विश्वजीत सन्याल, चिकित्सा निदेशक डॉ. मनीषा सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल.बी. सिंह और एसोसिएट निदेशक डॉ. विनीता त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
ब्रह्माकुमारी मेडिकल विंग की ओर से ब्रह्माकुमारी स्नेहा, ब्रह्माकुमारी शालिनी, ब्रह्माकुमारी गीतांजलि, ब्रह्माकुमार शशिरंजन एवं ब्रह्माकुमार सुशील ने संस्थान को अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किया.



