BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatna

नाबालिग लड़की से छेड़खानी के आरोप पर भड़का आक्रोश, सड़क पर आगजनी और हंगामा

फुलवारी शरीफ, अजीत।
पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर इलाके में नाबालिग महादलित लड़की से छेड़खानी और कमेंटबाजी के आरोप में कार्रवाई नहीं होने का मामला तूल पकड़ गया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज लोगों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया।

आक्रोशित लोगों ने नौबतपुर शिवाला से दानापुर रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर आगजनी कर दी। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई किलोमीटर तक यातायात प्रभावित रहा।

बताया जा रहा है कि फरीदपुर पंचायत की महादलित बस्ती की एक नाबालिग लड़की खेत में धान की सोहनी कर रही अपनी मां के पास जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों पर उसके साथ छेड़खानी और कमेंटबाजी करने का आरोप लगा।

घटना के बाद लड़की के परिजनों ने जानीपुर थाना पहुंचकर शिकायत की और आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होने से बस्ती के लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

इसके बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए और आरोपित युवकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई। कुछ वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त किए जाने की भी सूचना है।

Advertisement

हंगामे की सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस के अलावा जानीपुर, शाहपुर, खगौल, नौबतपुर और नेउरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया।

काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया।

वहीं, फुलवारी शरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 उपेंद्र चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जानीपुर थाना पुलिस को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपों के आधार पर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button