झारखंड एवं बिहार सब एरिया के 10वें जनरल ऑफिसर जितेंद्र सिंह ने कमांडिंग के रूप में संभाला कार्यभार
दानापुर .मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, (वीएसएम) ने शनिवार को झारखंड एवं बिहार सब एरिया के 10वें जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया.
मेजर जनरल जितेंद्र सिंह सैनिक स्कूल, रीवा तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं. उन्हें भारतीय सेना की कोर ऑफ इंजीनियर्स में कमीशन प्राप्त हुआ था.
लगभग तीन दशक के अपने गौरवपूर्ण सैन्य करियर के दौरान उन्होंने भारतीय सेना में ऑपरेशनल, सामरिक योजना एवं क्षमता विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है.विभिन्न स्तरों पर कमान संभालने के साथ-साथ उन्होंने एक्स-सर्विसमैन कॉन्ट्रिब्यूटरी हेल्थ स्कीम ( ईसीएचएस ) के उप प्रबंध निदेशक के रूप में भी सेवाएँ दी हैं. इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण योगदान दिये तथा इस क्षेत्र में व्यापक अनुभव अर्जित किया.
मेजर जनरल जितेंद्र सिंह एक उत्कृष्ट सैन्य पेशेवर होने के साथ-साथ उच्च कोटि के शिक्षाविद् भी हैं. उन्होंने संघर्ष प्रबंधन, संघर्ष समाधान एवं सामरिक स्तर के नेतृत्व जैसे विषयों में विशेष अध्ययन एवं उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं. उनका व्यापक अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व तथा पेशेवर दक्षता झारखंड एवं बिहार सब एरिया की ऑपरेशनल क्षमता को और सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पूर्व सैनिक कल्याण एवं प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा प्रदान करेगी.
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने सभी अधिकारियों, जेसीओ, अन्य रैंकों तथा असैन्य कर्मचारियों से उच्चतम स्तर की पेशेवर उत्कृष्टता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।



