BiharCrimeLife StyleTravel

एम्स मार्ग पर फिर हादसा, तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला गंभीर. अतिक्रमण और बदहाल सड़क पर उठे सवाल.

फुलवारी शरीफ. झमाझम बारिश के बीच पटना-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-98) पर स्थित नया टोला में पटना एम्स मार्ग एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना. शनिवार को नया टोला के पास तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी के पीछे बैठी 35 वर्षीय जुली कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति को हल्की चोटें आईं. स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना भेजा गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दंपती वृंदावन कॉलोनी से अपने घर जक्कनपुर लौट रहे थे. नया टोला के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. थाना प्रभारी गुलाम शहबाज आलम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके.

स्थानीय लोगों का कहना है कि एम्स मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों के पीछे केवल तेज रफ्तार ही नहीं, बल्कि सड़क पर वर्षों से फैला अतिक्रमण भी बड़ी वजह है. सड़क के दोनों किनारों पर कई दुकानदारों ने राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन तक कब्जा कर रखा है. कहीं बिरयानी और चिकन की दुकानें सड़क तक फैली हैं तो कहीं अन्य अस्थायी दुकानें और ढांचे बने हुए हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों के सुरक्षित आवागमन में परेशानी होती है.

Advertisement

लोगों ने बताया कि नया टोला और एम्स के आसपास सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे हैं. बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाता है, जिससे सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती. ऐसे में तेज गति से गुजरने वाले भारी वाहन और दोपहिया चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं.

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद, सड़क निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन पर अतिक्रमण हटाने में लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है. लोगों ने प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाने, जलनिकासी की व्यवस्था सुधारने, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने और इस व्यस्त मार्ग पर नियमित यातायात निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लगाई जा सके.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button