ग्रामीण खेत मजदूर सभा का अनशन, भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन देने की मांग
स
फुलवारी शरीफ। अखिल भारतीय ग्रामीण खेत मजदूर सभा के राज्यव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को संपतचक प्रखंड मुख्यालय में सामूहिक अनशन और सत्याग्रह किया गया। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चले कार्यक्रम में भूमिहीनों को कम से कम पांच डिसमिल जमीन का पर्चा देने, गरीबों के लिए आवासीय कॉलोनी बनाने और प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने की मांग उठाई गई।
सभा ने गरीब परिवारों के लिए राशन और रोजगार की गारंटी देने तथा न्यूनतम मजदूरी 700 रुपये प्रतिदिन करने की भी मांग की। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह करने, शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाने और गरीब बच्चों को निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
संयोजक राम अवतार दास और सत्यानंद कुमार ने कहा कि संपतचक की कई मुसहरी बस्तियों में वर्षों पहले गरीबों को जमीन के पर्चे दिए गए थे, लेकिन अब तक उन्हें जमीन पर बसाया नहीं गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि खैरताली और दरियापुर में 10 अगस्त को गरीब परिवारों को बसाए जाने के बाद उन्हें धमकी दी गई। नेताओं ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को सुरक्षा देने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश चंद्र ठाकुर ने किया। इस दौरान सरोज दास, रामपरी देवी, लक्ष्मी पासवान, धनराज पासवान, जगदीश आर्य समेत कई लोग मौजूद रहे।



