BiharCrimeENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatnaPOLITICSरोजगार

ईसापुर-पुनपुन बांध सड़क जर्जर, ईसापुर-कुरकुरी मार्ग भी बदहाल

फुलवारी शरीफ, अजीत: फुलवारी शरीफ के ईसापुर से मिशन, धरायचक होते हुए पुनपुन सुरक्षा बांध तक जाने वाली सड़क पिछले कई महीनों से जर्जर है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है।

पुनपुन नदी के सुरक्षा बांध से होकर गुजरने वाला यह मार्ग मधवापुर, हसनपुरा, गोनपुरा, हिंदुनी, बहादुरपुर और ईसापुर को फुलवारी शरीफ से जोड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। नौकरी और कामकाज के लिए जाने वाले लोगों के अलावा स्कूली बच्चे, शिक्षक और ग्रामीण भी इसी सड़क पर निर्भर हैं।

सड़क के आसपास आईटीबीपी मुख्यालय के अलावा कई बीएड कॉलेज, स्कूल और अन्य संस्थान स्थित हैं। बहादुरपुर, हिंदुनी, आलमपुर, गोनपुरा, नयनचक, हसनपुरा, माधवपुर, निहुरा, धनकी, सोरमपुर, ढिबड़ा, शाहपुर और कोयरी बिगहा समेत दर्जनों गांवों के लोगों का इस मार्ग से रोजाना आना-जाना होता है। सड़क की बदहाली के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को गड्ढों के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

ईसापुर-कुरकुरी मार्ग भी बदहाल

Advertisement

ईसापुर रायचौक से कुरकुरी जाने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क की स्थिति भी बेहद खराब है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई वर्षों से इस सड़क का निर्माण या समुचित मरम्मत नहीं हुई है। जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं और सड़क का काफी हिस्सा टूट चुका है। इस मार्ग से आसपास के ग्रामीणों का लगातार आवागमन होता है, लेकिन बदहाल सड़क के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

बारिश के दिनों में दोनों सड़कों के गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। रात के समय गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से दोनों प्रमुख संपर्क मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने के साथ स्थायी निर्माण कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button