BiharCrimeENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatna

सांप के डसने से दो बेटों की मौत, मां एम्स में वेंटिलेटर पर

फुलवारी शरीफ प्रखंड की सकरैचा पंचायत स्थित सोताचक मुसहरी में शनिवार की सुबह विषधर सांप के डसने से एक दलित परिवार के दो बेटों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां शकुंतला देवी गंभीर हालत में एम्स पटना में वेंटिलेटर पर इलाजरत हैं। मृतकों की पहचान मोहित कुमार और वेधु राज के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे शकुंतला देवी अपने दोनों बेटों के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान घर में घुसे विषधर सांप ने तीनों को डस लिया। परिजन आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां दोनों बेटों की मौत हो गई। गंभीर हालत में शकुंतला देवी को एम्स पटना रेफर किया गया। कुछ समय तक उनकी भी मौत की सूचना फैल गई थी, लेकिन बाद में उनके होश में आने की जानकारी मिली। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

महिला के एम्स में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर फुलवारी शरीफ के पूर्व विधायक गोपाल रविदास अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। सकरैचा पंचायत के मुखिया एवं प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष मंटू यादव भी एम्स पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों की मौत पर सरकार की ओर से तत्काल 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। दोनों के लिए कुल 40 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार आगे मिलने वाली सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बताया जाता है कि शकुंतला देवी के पति बबलू मांझी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में जलजमाव है। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान आसपास सांप और अन्य जहरीले जीवों का खतरा बढ़ गया है। इसी दौरान सांप घर में घुसा और सो रहे परिवार के तीन सदस्यों को डस लिया।

घटना की सूचना मिलने पर भाकपा माले प्रखंड कमेटी के सदस्य कामरेड ललीन पासवान भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। भाकपा माले प्रखंड सचिव गुरुदेव दास ने सरकार से पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार भूमिहीन है और नहर के चाट में झोपड़ी बनाकर रहने को मजबूर है। उन्होंने परिवार को तीन डिसमिल जमीन और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान देने की भी मांग की।

Advertisement

एक ही परिवार के दो बेटों की मौत और मां के गंभीर रूप से बीमार होने से सोताचक मुसहरी में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता देने तथा बारिश के दौरान सांपों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button