इकलौते पुत्र की मौत के बाद मंझौली मुसहरी में मातम, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
फुलवारी शरीफ, फुलवारी शरीफ प्रखंड के मंझौली मुसहरी में 13 वर्षीय आदित्य कुमार की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजन और स्थानीय लोग मौत को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं. मुसहरी पहुंचे पुलिस पदाधिकारी पर भी आक्रोशित लोगों ने हमला किया था लेकिन स्थानीय जिला परिषद दीपक मांझी के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामले को शांत कराया गया. घटना की जानकारी और कवरेज करने पहुंचे कई मीडिया कर्मियों को भी आक्रोशित लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा.
मृतक के पिता सुदर्शन मांझी ने बताया कि आदित्य गांव के समीप बकरी चराने गया था. परिजनों के अनुसार वह अपने साथ एक दुपट्टा भी लेकर गया था, जिससे वह एक छोटे पेड़ की डाल पर झूला बनाकर झूलना चाहता था. कुछ देर बाद उसकी मौत की सूचना मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
घटना के बाद जहां प्रारंभिक तौर पर इसे हादसा बताया जा रहा है, वहीं परिवार के लोग इस बात को मानने को तैयार नहीं हैं. परिजनों का आरोप है कि आदित्य की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया. उनका कहना है कि मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए.
मृतक की चाची बछिया देवी ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्दबाजी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उन्होंने कहा कि अब तक परिवार को किसी प्रकार की राहत या मुआवजा नहीं मिला है. परिजनों का यह भी कहना है कि सोशल मीडिया पर घटना को जिस तरह पेश किया गया, उससे वे संतुष्ट नहीं हैं.
घटना के बाद मुसहरी के लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को सभी पहलुओं से जांच करनी चाहिए ताकि मौत के कारणों का सही खुलासा हो सके. ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
इधर फुलवारी शरीफ थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अब तक हत्या का आरोप लगाते हुए कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है. अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
फिलहाल पूरे गांव की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है. इकलौते बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है और न्याय की मांग कर रहा है.
पटना से अजीत कुमार की रिपोर्ट



