महिला कॉलेज, खगौल में राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस एवं विश्व स्तनपान सप्ताह पर विविध कार्यक्रम आयोजित
खगौल। महिला कॉलेज, खगौल में गुरुवार को राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस एवं विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर विज्ञान विभाग एवं गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विविध शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं सामाजिक जागरूकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान विभाग की ओर से डॉ. किरण कुमारी, डॉ. शैलेंद्र कुमार एवं रुचिका मेहता के निर्देशन में पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता तथा पावरपॉइंट (PPT) प्रस्तुति प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने रसायन विज्ञान के आधुनिक अनुप्रयोग, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा दैनिक जीवन में रसायन विज्ञान की उपयोगिता जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ देकर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत गृह विज्ञान विभाग की ओर से डॉ. सुमन कुमारी के नेतृत्व में “माइम” (मूक अभिनय) कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व, महिलाओं के स्वास्थ्य तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रभावशाली संदेश दिया गया। छात्राओं की प्रस्तुति को उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने खूब सराहा।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. उषा विद्यार्थी ने दोनों कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं के बौद्धिक, वैज्ञानिक, रचनात्मक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा निर्णायक मंडल की सदस्य डॉ. सीमा कुमारी, डॉ. शालिनी एवं डॉ. मधुश्री ने की। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में रिया कुमारी ने प्रथम, रितु कुमारी ने द्वितीय तथा मंतशा प्रवीण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पावरपॉइंट (PPT) प्रस्तुति प्रतियोगिता में सैला नाथ सिद्दीकी प्रथम, वैष्णवी कुमारी द्वितीय एवं अल्पना कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्राओं को महाविद्यालय की ओर से बधाई दी गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. बुलबुली कानून, डॉ. उदय राज उदय, डॉ. खुशबू फातिमा, डॉ. राखी सिंह, डॉ. चंदा सिंह, डॉ. वीणा कुमारी, डॉ. रीना कुमारी, डॉ. अजीता प्रियदर्शनी, डॉ. कविता जैन, डॉ. आभा कुमारी एवं डॉ. आराधना सिंह सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, शिक्षकेत्तर कर्मियों में सुबोध कुमार, राजू शर्मा एवं बेबी रंजन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया गया तथा छात्राओं को विज्ञान, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।



