हज 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 20 जुलाई तक भरे जाएंगे फॉर्म
सक्षम लोग हज में देरी न करें : मौलाना मुफ्ती मुहम्मद सईद-उर-रहमान कासमी
फुलवारी शरीफ. हज यात्रा वर्ष 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. हज आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. बिहार, झारखंड और ओडिशा के इमारत ए शरिया के नाजिम मौलाना मुफ्ती मुहम्मद सईद-उर-रहमान कासमी ने कहा है कि जो लोग आर्थिक और शारीरिक रूप से हज करने में सक्षम हैं, उन्हें हज की अदायगी में देरी नहीं करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि हज इस्लाम के महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक है और यह अल्लाह की निकटता प्राप्त करने का श्रेष्ठ माध्यम है. हदीसों में हज की बड़ी फजीलत बयान की गई है और स्वीकार किया गया हज जन्नत का कारण बताया गया है.

नाजिम साहब ने कहा कि समाज में यह प्रवृत्ति बढ़ रही है कि लोग सक्षम होने के बावजूद हज को टालते रहते हैं, जबकि सामर्थ्य प्राप्त होने के बाद जल्द हज करना चाहिए. अधिक उम्र में कमजोरी के कारण हज की इबादतों और अरकान की अदायगी में कठिनाई होती है.
उन्होंने बताया कि हज 2027 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 है. आवेदन के लिए वैध अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट अनिवार्य है. जिन लोगों के पास पासपोर्ट नहीं है या उसकी अवधि समाप्त हो चुकी है, उन्हें शीघ्र पासपोर्ट बनवाने अथवा नवीनीकरण कराने की सलाह दी गई है.
हज आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट तथा हज सुविधा मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन भरा जा सकता है. ऑनलाइन आवेदन में परेशानी होने पर हज भवन, पटना में भी सहायता प्राप्त की जा सकती है.

मौलाना कासमी ने इमामों, उलेमा, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों से अपील की कि वे लोगों को हज के महत्व से अवगत कराएं तथा पासपोर्ट और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करें. उन्होंने हज कमेटी से भी बिहार में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि ब्लॉक और पंचायत स्तर तक हज प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण इबादत की ओर प्रेरित हो सकें.



