BiharCrimeENTERTAINMENTLife StyleNationalPatna

दो दिनों से लापता युवक की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी

रेलवे ट्रैक पर मिला शव, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप लगा रहे परिजन.

फुलवारी शरीफ, राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता युवक की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान धीरा चक निवासी 22 वर्षीय ऑटो चालक चंदन कुमार के रूप में हुई है. युवक का क्षत-विक्षत शव हवाई अड्डा थाना क्षेत्र के पास रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया, जबकि उसका सिर गायब बताया जा रहा है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है.
बताया जा रहा है कि चंदन कुमार 12 तारीख को घर से ऑटो चलाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. पहले परिजनों ने अपने स्तर से उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसी बीच 13 तारीख को हवाई अड्डा थाना पुलिस को रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का तीन हिस्सों में कटा शव मिलने की सूचना मिली. शव की हालत बेहद भयावह थी और उसका सिर धड़ से अलग गायब था. पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीआईएमएस भेज दिया था.
शुक्रवार को कपड़े और शरीर पर मौजूद निशानों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान चंदन कुमार के रूप में की. पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि गर्दनीबाग इलाके के रहने वाले छोटू कुमार की पत्नी के साथ चंदन का प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी वजह से उसकी हत्या की गई है. परिजनों का कहना है कि पहले चंदन की हत्या की गई, फिर पहचान छुपाने के लिए शव को काटकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए. लोगों ने अनीसाबाद-फुलवारी मुख्य मार्ग को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और गायब सिर की बरामदगी की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.
हंगामे की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग लगातार कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. बाद में अधिकारियों द्वारा जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच का भरोसा देने के बाद जाम समाप्त कराया गया.
पटना की एएसपी डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं गायब सिर की तलाश में डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाल रही है.
इस निर्मम हत्या के बाद धीरा चक, चित्रकोर और अनीसाबाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा.

कमाने वाले बेटे की मौत से टूट गया परिवार. मां बेसुध, पिता की आंखों से नहीं थम रहे आंसू.

फुलवारी शरीफ, अजीत: धीरा चक निवासी ऑटो चालक चंदन कुमार की निर्मम हत्या के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य माने जाने वाले चंदन की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. पोस्टमार्टम हाउस से लेकर घर तक हर तरफ चीख-पुकार और रोने-बिलखने का माहौल बना रहा.
मृतक की मां बार-बार बेटे का नाम लेकर बेसुध हो जा रही थीं. परिवार की महिलाएं उन्हें संभालने में जुटी रहीं. वहीं पिता की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे. परिजन बार-बार यही कहते दिखे कि चंदन ही घर का सहारा था और उसी की कमाई से परिवार का खर्च चलता था. उसकी मौत के बाद अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक चंदन मेहनत मजदूरी कर ऑटो चलाता था और काफी मिलनसार स्वभाव का था. मोहल्ले के लोगों को भी इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है. लोग आपस में चर्चा करते रहे कि आखिर इतनी बेरहमी से उसकी हत्या क्यों की गई. इलाके में प्रेम प्रसंग को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं. आसपास के लोगों का कहना है कि दोनों के संबंध की जानकारी परिवार और मोहल्ले के कई लोगों को पहले से थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतनी भयावह घटना तक पहुंच जाएगा.
घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही. हर आने वाला व्यक्ति परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल था. कई लोग इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग करते नजर आए.

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button