पिकअप-ऑटो टक्कर में चालक की मौत, महिला और बच्चे घायल.
पटना-गया फोरलेन पर पुनपुन थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां श्री बजरंगबली कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के सामने सड़क कट के पास एक तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो की भीषण टक्कर में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चे समेत कई यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर काफी देर तक खून बिखरा रहा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो पटना से मसौढ़ी की ओर यात्रियों को लेकर जा रहा था. इसी दौरान सड़क कट के समीप सामने से तेज गति में आ रही पिकअप ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर चिपक गया और वाहन छतिग्रस्त हो गया. वहीं पिकअप सड़क के दूसरी तरफ जाकर अटक गया.
हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृत चालक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी. पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई है.
ऑटो में सवार मसौढ़ी निवासी एक महिला और बच्चे सहित अन्य यात्री भी घायल हो गए. सूचना मिलने के बाद डायल 112 और पुनपुन थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया.
घटना के बाद कुछ देर तक पटना-गया फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया. स्थानीय लोगों ने बताया कि फोरलेन पर तेज रफ्तार और सड़क कट के पास लापरवाही से वाहन चलाने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.



