BiharENTERTAINMENTLife StyleNationalPatnaPOLITICS

रामकृपाल यादव का ममता बनर्जी पर बड़ा हमला, कहा- जनता ने अहंकार तोड़ दिया


फुलवारी शरीफ, अजीत: भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के उद्घाटन सत्र में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला. पटना जिले के बामेती में आयोजित भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 15 वर्षों तक सत्ता में रहने के कारण ममता बनर्जी अहंकार और घमंड में डूब गई थीं तथा भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को मानने को तैयार नहीं थीं.
रामकृपाल यादव ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं का लगातार अनादर किया गया. उन्होंने कहा कि केंद्रीय अधिकारियों, केंद्रीय मंत्रियों और यहां तक कि महामहिम राष्ट्रपति तक का सम्मान नहीं किया गया. केंद्रीय फोर्स और अधिकारियों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन से रोका जाता था. उन्होंने कहा कि सत्ता के मद में ममता बनर्जी तानाशाही रवैया अपनाने लगी थीं और बंगाल की जनता खुद को असहज महसूस कर रही थी.
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जिस प्रकार उस दौर में लोगों के अधिकारों को दबाया गया था, उसी तरह पश्चिम बंगाल में भी लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा था. रामकृपाल यादव ने कहा कि देश में इंदिरा गांधी के बाद ममता बनर्जी दूसरी ऐसी नेता बन गई थीं जिन पर तानाशाही प्रवृत्ति के आरोप लगे और जनता ने चुनाव में उन्हें सबक सिखा दिया.
उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और भाजपा को समर्थन देकर सुशासन की उम्मीद जता रही है. रामकृपाल यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में हर वर्ग, जाति और धर्म के लोगों को भाईचारे के साथ आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक उन्नति का अवसर मिलेगा तथा “सोनार बांग्ला” का सपना साकार होगा.
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया. इस अवसर पर पटना ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार, बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेन्द्र शर्मा, स्वर्ण आयोग सदस्य राजकुमार शर्मा, दानापुर की पूर्व विधायक आशा सिन्हा, प्रदेश नेता अतुल कुमार, पटना ग्रामीण जिला प्रभारी संजीव यादव, क्षेत्रीय प्रभारी अशुतोष कुमार, मीडिया प्रभारी शंकर प्रसाद गुप्ता, रमेश यादव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button