आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त, किसानों की फसल को भारी नुकसान
शुक्रवार देर शाम अचानक बदले मौसम ने फुलवारी शरीफ प्रखंड इलाके में भारी तबाही मचाई. आसमान में काले बादल छाने के बाद तेज रफ्तार हवाओं के साथ आंधी शुरू हुई और फिर करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश होती रही. इस दौरान बड़े-बड़े ओले गिरने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया.
तेज ओलावृष्टि के कारण सड़क पर चल रहे वाहनों पर पत्थर जैसे ओले गिरने लगे, जिससे लोग अपनी गाड़ियां रोकने को मजबूर हो गए. कई जगह सड़कों पर अंधेरा जैसा माहौल हो गया और आवागमन प्रभावित रहा. वहीं दूसरी ओर बच्चों ने आसमान से गिर रहे बर्फ जैसे ओलों को चुनकर बारिश में जमकर मस्ती की.
आंधी और ओलावृष्टि से किसानों को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा. खेतों में रखी गेहूं की फसल भींग गई, जबकि कई जगह तैयार एवं कटी फसल को भारी क्षति पहुंची है. किसानों ने बताया कि खेतों में गेहूं के बोझ रखे हुए थे और कई खेतों में कटाई बाकी थी, जिसे ओलावृष्टि और बारिश ने बर्बाद कर दिया.
हिंदुनी, गोनपुरा, आलमपुर, ढ़िबड़ा हसनपुरा निहुरा बहादुर पुर सुईथा जानीपुर भुसौला दानापुर महमदपुर कुर्जी बाबूचक परसा बाजार संपत चक गोपालपुर गौरीचक इलाहीबाग बेलदारीचक समेत दर्जनों गांवों के किसानों ने बताया कि इस बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है. अचानक मौसम बिगड़ने से किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई और कई किसान खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लेते दिखे.
वहीं तेज बारिश ने नगर परिषद की व्यवस्थाओं की भी पोल खोल दी. कई इलाकों में जलजमाव हो गया तथा निचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया. हालांकि बारिश रुकने के बाद पानी तेजी से निकल गया, लेकिन बारिश के दौरान लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी.
आंधी के कारण कई जगह शादी एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए लगाए गए पंडाल और पर्दे उड़ गए. तेज हवा के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही. अचानक आए इस तूफानी मौसम ने पूरे इलाके में भारी नुकसान पहुंचाया है.



