भाकपा माले का 57वां स्थापना दिवस फुलवारी में धूमधाम से मनाया गया
फुलवारी शरीफ, अजीत: भाकपा माले का 57वां स्थापना दिवस बुधवार को फुलवारी शरीफ के विभिन्न इलाकों में उत्साहपूर्वक मनाया गया. इस अवसर पर जगह-जगह पार्टी का झंडोतोलन किया गया और मिठाइयां बांटी गईं.
ग्राम सोताचक में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय कमेटी सदस्य सह पूर्व विधायक गोपाल रविदास शामिल हुए. यहां वरिष्ठ नेता कामरेड छोटू मांझी ने झंडोतोलन किया. इस दौरान पार्टी आंदोलन में शहीद हुए कामरेडों को पुष्पांजलि अर्पित कर लाल सलाम के नारे लगाए गए. कार्यकर्ताओं ने “पार्टी स्थापना दिवस जिंदाबाद”, “चारू मजूमदार अमर रहें” जैसे नारे लगाए.
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने कहा कि 22 अप्रैल 1969 को चारू मजूमदार के नेतृत्व में भाकपा माले का गठन हुआ था. तब से लेकर अब तक पार्टी ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन गरीबों, मजदूरों, किसानों और वंचित वर्गों के संघर्ष के दम पर आज देशभर में मजबूत स्थिति में है.
उन्होंने आरोप लगाया कि शासक वर्ग की पार्टियों ने समय-समय पर पार्टी को खत्म करने की कोशिश की, लेकिन जनता के समर्थन से पार्टी लगातार मजबूत होती गई. उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मजदूरों, किसानों और गरीबों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिसके खिलाफ व्यापक संघर्ष की आवश्यकता है.
रविदास ने कहा कि मनरेगा जैसी योजनाओं में बदलाव, श्रम कानूनों में संशोधन और गरीबों पर हो रही कार्रवाई को लेकर लोगों में आक्रोश है. उन्होंने आंगनवाड़ी, आशा, ममता और रसोइया कर्मियों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उनके लिए सम्मानजनक मानदेय की मांग उठाई.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनसरोकार के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष तेज करें और जनता की आवाज बनें.
इसी क्रम में ग्राम पलगा में साधु शरण के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ नेता शरीफ मांझी ने झंडोतोलन किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



