श्री सूर्य नारायण मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा पर भव्य कलश शोभा यात्रा, पांच दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ
फुलवारीशरीफ:
26 फरवरी गुरुवार को कंडाप तारनपुर पंचायत के तारनपुर गांव में श्री सूर्य नारायण मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गयी. यह शोभा यात्रा पुनपुन नदी घाट, गोपालपुर से शुरू होकर पैदल नव-निर्मित सूर्य मंदिर यज्ञ स्थल तक पहुंची. रास्ते भर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए. श्रद्धालु सिर पर कलश रखकर भक्ति गीत गाते हुए आगे बढ़ रहे थे. पूरे मार्ग में मंत्रोच्चार और जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा. मंदिर परिसर पहुंचने पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ महायज्ञ का शुभारंभ किया गया.
यह पांच दिवसीय महायज्ञ का पहला दिन था. आयोजकों के अनुसार हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. अनुमान है कि प्रतिदिन लगभग दस हजार लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकते हैं.
शाम को बनारस से आए आचार्य रामाकांत तिवारी द्वारा भक्ति प्रवचन का कार्यक्रम रखा गया है. ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से इसमें भाग लेने की अपील की गयी है.
मंदिर निर्माण में ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा है. मंदिर के लिए भूमि तरकेश्वर सिंह ने दान में दी, जबकि निर्माण कार्य गांववासियों के सहयोग से पूरा हुआ. आयोजन को सफल बनाने में रणविजय सिंह, नीरज सिंह, धीरज सिंह, चुनचुन सिंह, मनोहर सिंह, आशीष सिंह, धनंजय सिंह, चंदन कुमार, पिंटू कुमार, राकेश सिंह, सचिन तथा मुखिया प्रत्याशी टिंकू सिंह की सक्रिय भूमिका रही.
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गांव की एकता और सांस्कृतिक जागरण का प्रतीक है. सूर्य नारायण की प्राण-प्रतिष्ठा से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ है. आने वाले दिनों में यहां भजन, प्रवचन, यज्ञ और सामूहिक पूजा के माध्यम से सामाजिक समरसता को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा.



