BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatnaPurnia

विवादित जमीन पर ही क्यों लगाया रिसेप्शन का टेंट, दो भाइयों की हत्या के पीछे बड़ी साजिश की आशंका

फुलवारी शरीफ. (अजीत यादव)

शाहपुर समपतचक में दो सहोदर भाइयों की हत्या के मामले में अब जमीन विवाद और रिसेप्शन समारोह को लेकर नए सवाल खड़े हो रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि जिस विवादित जमीन को लेकर तीन दशक तक मुकदमा चला और कोर्ट ने अंततः राजेश्वर राय उर्फ राजू राय के पक्ष में फैसला सुनाया, उसी जमीन पर जानबूझकर शादी के रिसेप्शन का टेंट लगाया गया.
बताया जाता है कि करीब 30 वर्षों तक चले इस जमीन विवाद में न्यायालय का निर्णय राजू राय के पक्ष में आया था. इसके बावजूद उक्त जमीन पर दौलत राय ने अपने पुत्र विक्की के रिसेप्शन समारोह का आयोजन किया. परिजनों का कहना है कि विवादित जमीन पर किसी भी प्रकार के आयोजन को लेकर पहले से तनाव था, लेकिन इसके बावजूद समारोह रखा गया और राजू राय के परिवार को भी खाने के लिए आमंत्रित किया गया.
राजू राय का आरोप है कि कृष्णा राय के कहने पर दौलत राय ने विवादित जमीन पर कार्यक्रम आयोजित किया और सुनियोजित साजिश के तहत पूरे परिवार को बुलाया गया. उनका कहना है कि इसी दौरान योजनाबद्ध तरीके से हमला कर उनके दो बेटों की हत्या कर दी गई, जबकि एक बेटा किसी तरह जान बचाकर भाग निकला.
परिवार का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी कई बार धमकियां दी गई थीं और सुरक्षा की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई. अब पूरे परिवार की जान को खतरा बताया जा रहा है.
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि क्या विवादित जमीन पर रिसेप्शन समारोह आयोजित करना महज संयोग था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश रची गई थी. परिजन पूरे मामले में दौलत राय की भूमिका की गहन जांच की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि यदि जमीन का फैसला उनके पक्ष में था तो फिर उसी भूखंड पर कार्यक्रम क्यों किया गया और सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जमीन विवाद, समारोह का आयोजन और हत्या की घटना के बीच कड़ी तलाश की जा रही है. इस दोहरे हत्याकांड ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button