BiharCrimeLife StylePatna

पटना में दो लोगों को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टा और मोबाइल बरामद

फुलवारी शरीफ.रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के शेखपुरा इलाके में स्कॉर्पियो सवार दो व्यक्तियों को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15.02.2026 को रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के शेखपुरा में स्कॉर्पियो पर सवार दो व्यक्तियों को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में विशेष टीम का गठन कर अनुसंधान शुरू किया गया.
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घटना में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि गोलीबारी की घटना आपसी रंजिश के कारण अंजाम दी गई थी.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है. घायल दोनों व्यक्तियों का उपचार कराया जा रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.

पटना में नशीले इंजेक्शन और कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद, टेम्पो समेत सामान जब्त.

फुलवारी शरीफ.रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोचक महावीर कॉलोनी, जकरियापुर स्थित एक मकान से नशीले इंजेक्शन और कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध ढुलाई की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों की खेप बरामद की गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16.02.2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि जकरियापुर स्थित एक मकान से नशीले इंजेक्शन और कोडीन युक्त कफ सिरप को टेम्पो पर लोड कर अन्य स्थान पर भेजने की तैयारी की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में औषधि निरीक्षक के साथ संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया.
गठित टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए संबंधित परिसर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कुल 10,500 एम्प्यूल (2 एमएल) नशीला इंजेक्शन तथा 7,750 बोतल (100 एमएल) कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया. इसके अलावा अवैध दवाइयों के परिवहन में प्रयुक्त एक टेम्पो भी जब्त कर लिया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद दवाइयों के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि अवैध नशीले पदार्थों और दवाइयों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.

जानीपुर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 510 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी गिरफ्तार.

Advertisement

फुलवारी शरीफ.जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धुपारचक में गांजा की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के घर से 510 ग्राम गांजा बरामद किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16.02.2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि धुपारचक गांव में एक व्यक्ति अपने घर से गांजा की अवैध खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी पटना के निर्देशन में जानीपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया.
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 510 ग्राम गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया. बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है.
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारी शरीफ-02 दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. साथ ही मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button