BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StylePatna

एम्स पटना में मैक्सिलोफेशियल ट्रॉमा और ओरल कैंसर जागरूकता अभियान आयोजित

फुलवारी शरीफ: एम्स पटना के दंत चिकित्सा विभाग (ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी) द्वारा 13 से 17 फरवरी 2026 तक अंतरराष्ट्रीय ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स सप्ताह मनाया गया. इस दौरान चेहरे की चोटों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा और ओरल कैंसर की शुरुआती पहचान को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए.

13 फरवरी को “मैक्सिलोफेशियल ट्रॉमा जागरूकता एवं प्रबंधन” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए समय पर इलाज और बचाव के महत्व को रेखांकित किया.

14 फरवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौबतपुर में सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग के सहयोग से ओरल कैंसर स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया. इस दौरान मरीजों की जांच की गई तथा उन्हें मुख स्वच्छता, कैंसर के शुरुआती लक्षण और तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई.

17 फरवरी को ओपीडी फोयर में नर्सिंग छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सड़क सुरक्षा, चेहरे की चोटों से बचाव और आपातकालीन उपचार के महत्व का संदेश दिया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर तथा जागरूकता वीडियो जारी कर किया.

Advertisement

विभागाध्यक्ष डॉ. शिवेंद्र चौधरी ने ट्रॉमा देखभाल, कैंसर की पहचान, टीएमजे विकारों तथा उनके उपचार में ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला.

इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए. सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा ओएमएफएस वार्ड और ट्रॉमा सर्जरी एवं क्रिटिकल केयर इकाई के मरीजों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित जीवन का संदेश दिया गया.

कार्यक्रम में फैकल्टी, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति रही.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button