शाहपुर डबल मर्डर के बाद गांव में मातम, दो जवान बेटों की एक साथ उठी अर्थी
फुलवारी शरीफ.
पटना के शाहपुर में रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में मारे गए राजू राय के दोनों पुत्रों मनीष कुमार और मनजीत की मौत के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. शाहपुर निवासी राजू राय के बड़े बेटे मनीष कुमार शादीशुदा थे. उनकी पत्नी पिंकी देवी हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई संतान नहीं हुई थी. घटना के बाद से पत्नी, बहन मनीषा देवी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
एक ही रात में दो जवान बेटों की हत्या से परिवार जैसे टूटकर बिखर गया है. परिजनों को अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि घर के दो होनहार बेटे इस दुनिया में नहीं रहे. गांव में उस वक्त माहौल और भी गमगीन हो गया जब दोनों भाइयों की अर्थी एक साथ उठी. महिलाओं की चीत्कार और पुरुषों की आंखों से बहते आंसू देख हर कोई स्तब्ध था.
परिवार को अब तीसरे बेटे रजनीश की सुरक्षा की चिंता सता रही है. परिजनों का कहना है कि जमीन विवाद में करीब 30 वर्ष बाद कोर्ट से डिग्री मिलने के बाद कृष्णा राय लगातार धमकी दे रहा था कि मुकदमा धोखे से जीता गया है और पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा. परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन कथित तौर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
बीती रात की घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते धमकियों पर संज्ञान लिया जाता तो शायद यह दिन नहीं देखना पड़ता. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है. गांव में दहशत के बीच लोग न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं.



