BiharCrimeENTERTAINMENTHEALTHLife StylePatna

रिसेप्शन में चल रहा था भोज, तभी 1 दर्जन हमलावरों ने बरसाईं गोलियां; दो सगे भाइयों को छलनी कर उतारा मौत के घाट


जमीन केस हारने के बाद खूनी रंजिश, शाहपुर में 26-27 राउंड फायरिंग से दहशत.
फुलवारी शरीफ.
पटना के संपतचक थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में रविवार की रात खुशी का माहौल देखते ही देखते खौफनाक मंजर में बदल गया. रिसेप्शन समारोह में चल रहे भोज के दौरान करीब एक दर्जन हथियारबंद हमलावर अचानक पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा और अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार गांव निवासी दौलत राय के पुत्र विक्की की रिसेप्शन पार्टी आयोजित थी. खेत में पंडाल लगाकर बड़े पैमाने पर भोज का आयोजन किया गया था, जहां सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे. इसी भोज में गांव के ही राजू राय के दो पुत्र मनीष राय और मनजीत राय भी शामिल थे. बताया जाता है कि खाना खाने के बाद दोनों भाई हाथ धोने के लिए उठे ही थे कि उसी दौरान कृष्णा राय अपने समर्थकों और परिवार के अन्य लोगों के साथ वहां पहुंच गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिना किसी चेतावनी के दोनों भाइयों को निशाना बनाकर गोलियों की बौछार कर दी गई. हमलावरों ने लगभग 26 से 27 राउंड फायरिंग की. लगातार हो रही गोलीबारी से लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. दोनों भाइयों के सीने और शरीर के ऊपरी हिस्से में कई गोलियां लगीं और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. एक भाई ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. डीएसपी सदर टू, सिटी एसपी पूर्वी सहित परसा बाजार और रामकृष्ण नगर थाना की पुलिस टीम भी पहुंची. घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. तीन थानों की पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राजू राय और उनके गोतिया कृष्णा राय के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. मामला अदालत में विचाराधीन था और करीब एक माह पूर्व फैसला राजू राय के पक्ष में आया था. बताया जाता है कि केस हारने के बाद से ही आरोपित पक्ष में नाराजगी थी. ग्रामीणों का कहना है कि इसी रंजिश में सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया.
घटना के बाद पूरे शाहपुर गांव में दहशत और मातम का माहौल है. हमलावरों के घरों पर ताले लटके मिले हैं और सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए Nalanda Medical College and Hospital भेजा गया है. अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी है. परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है. सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button