BiharCrimeHEALTHLife StyleNationalPatna

मासूम बच्ची से दुष्कर्म के खिलाफ फुलवारीशरीफ में उबला आक्रोश

सड़कों पर उतरे लोग, दोषियों को फांसी देने की मांग.

फुलवारी शरीफ,
पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना के विरोध में रविवार को फुलवारीशरीफ में जनआक्रोश फूट पड़ा. सैकड़ों महिलाओं और समाजसेवियों ने सड़क पर उतरकर विरोध मार्च निकाला और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की.
सामाजिक कार्यकर्ता पद्मश्री सुधा वर्गीज के नेतृत्व में निकला यह मार्च नया टोला से शुरू होकर शहीद भगत सिंह चौक, थाना मोड़ और पेठिया बाजार होते हुए प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचा. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “मासूम को न्याय दो” और “अपराधियों को फांसी दो” जैसे नारे लगाए.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि तीन अप्रैल की रात हुई इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है. आरोप है कि मासूम बच्ची के साथ उसके सगे चाचा और उसके साथी ने दुष्कर्म किया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है.
पद्मश्री सुधा वर्गीज ने कहा कि जब घर के भीतर ही इस तरह की घटनाएं होंगी, तो बेटियां कैसे सुरक्षित रहेंगी. उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल नारे देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी.
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस मामले में त्वरित सुनवाई कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. साथ ही सरकार ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
सामाजिक कार्यकर्ता तबस्सुम अली ने कहा कि लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा.
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं. पूरे मार्च के दौरान माहौल आक्रोशपूर्ण लेकिन शांतिपूर्ण बना रहा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button