फुलवारी शरीफ अवर निबंधन कार्यालय बना बिहार में मिसाल, राजस्व संग्रह के मामले में मिला सातवां स्थान
बेहतर सुविधाओं और 109 प्रतिशत राजस्व उपलब्धि से चमका नाम
निबंधन कार्यालय आने वाले नागरिकों में हर्ष का माहौल
वातानुकुलीत प्रतीक्षालय
में बड़ा स्क्रीन अल्पाहार कैंटीन शौचालय दिव्यांग जनों के लिए व्हील चेयर सहित कई सुविधाओं को उपलब्ध कराया जा रहा
फुलवारी शरीफ, अजीत: राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ अवर निबंधन कार्यालय ने आम लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और राजस्व संग्रह में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे बिहार में अपनी अलग पहचान बनाई है. अवर निबंधक डॉ. मो. शकील रजा के पदस्थापन के बाद कार्यालय की कार्यशैली और सुविधाओं में हुए व्यापक सुधार की चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है. आम नागरिकों को सुगम, पारदर्शी और आरामदायक वातावरण में निबंधन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में यह कार्यालय मिसाल बनकर उभरा है.
वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार के कुल 144 अवर निबंधन कार्यालयों में फुलवारी शरीफ अवर निबंधन कार्यालय ने राजस्व संग्रह के मामले में सातवां स्थान हासिल किया है. सरकार द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध कार्यालय ने 109 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है. इस उपलब्धि को लेकर विभागीय स्तर पर भी कार्यालय की सराहना की जा रही है.
कार्यालय परिसर में आने वाले निबंधार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और जनोपयोगी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं. नवनिर्मित वातानुकूलित प्रतीक्षालय में आरामदायक लक्जरी कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, जहां लोग शांति और सुविधा के साथ अपनी बारी का इंतजार कर सकते हैं. प्रतीक्षालय में बड़े एलसीडी स्क्रीन पर समाचार, फिल्म और अन्य कार्यक्रम देखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे लोगों को इंतजार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी महसूस नहीं होती.
दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है. स्वच्छ शौचालय और अल्पाहार के लिए सस्ते दर पर कैंटीन की सुविधा भी लोगों को उपलब्ध कराई गई है. कार्यालय पूरी तरह वातानुकूलित है तथा यहां पदाधिकारियों और कर्मचारियों का व्यवहार भी आम लोगों के प्रति सहयोगात्मक और सकारात्मक बताया जा रहा है.
फुलवारी शरीफ अवर निबंधन कार्यालय में आधुनिक टोकन डिस्प्ले सिस्टम लगाया गया है. इसके साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से निबंधन कराने आए लोगों को समय-समय पर सूचना और अनाउंसमेंट की सुविधा भी दी जा रही है. इससे लोगों को अपनी प्रक्रिया और नंबर की जानकारी आसानी से मिल जाती है तथा भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनती.
निबंधन कराने आने वाले लोगों का कहना है कि पहले जहां घंटों खड़े रहना पड़ता था और कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब फुलवारी शरीफ अवर निबंधन कार्यालय में बेहतर व्यवस्था और सुविधाओं के कारण काम आसान और सुगम हो गया है. लोगों ने कहा कि यहां आने पर उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती और पूरा माहौल व्यवस्थित एवं नागरिक हितैषी महसूस होता है.



