BiharCrimeENTERTAINMENTPatna

पेंट दुकान और गोदाम में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख.

फुलवारी शरीफ, : पटना-खगौल-फुलवारी शरीफ मुख्य मार्ग पर रविवार की दोपहर एक पेंट दुकान और उसके गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. आग लगते ही गोदाम से धुआं और ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए. घटना की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया.

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया. आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में काफी देर तक भय का माहौल बना रहा. हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को नुकसान पहुंचने से बचा लिया गया.

दुकान संचालक ने बताया कि आग लगने से पेंट, अन्य सामान और गोदाम में रखी सामग्री जलकर नष्ट हो गई. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में दो लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है. नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

Advertisement

आग बुझाने के दौरान मुख्य मार्ग पर दमकल वाहनों और लोगों की भीड़ के कारण काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और स्थिति सामान्य कराई. घटना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button