कुरथौल–दरियापुर पईन उड़ाही व नाला निर्माण की मांग पर एनएच-83 तीन घंटे जाम
फुलवारी शरीफ, फुलवारी शरीफ प्रखंड के कुरथौल पंचायत में कुरथौल–दरियापुर पईन की उड़ाही और आरसीसी नाला निर्माण की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने एनएच-83 पर जोरदार प्रदर्शन किया. समाजसेवी भाई दिलीप पटेल और शिव जी यादव के नेतृत्व में हुए आंदोलन के दौरान करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
प्रदर्शन से पूर्व कुरथौल पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने जनाक्रोश मार्च निकाला. यह जुलूस कुरथौल से सिपारा तक गया और वहां से दरियापुर होते हुए कुरथौल बाजार पहुंचा. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एनएच-83 को जाम कर आमसभा आयोजित की. इस दौरान “कुरथौल–दरियापुर पईन की उड़ाही कराओ” और “नाला निर्माण कराओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा.
आमसभा को संबोधित करते हुए समाजसेवी भाई दिलीप पटेल ने कहा कि पिछले दस वर्षों से ग्रामीण पईन की सफाई और नाला निर्माण की मांग कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि लघु जल संसाधन विभाग सहित विभिन्न विभागों को कई बार आवेदन देने और अधिकारियों से मुलाकात करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है.
समाजसेवी शिव जी यादव ने कहा कि पईन की उड़ाही और नाला निर्माण नहीं होने के कारण कुरथौल–दरियापुर सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है. बरसात के दिनों में सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित रहता है. आम दिनों में भी राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने 9 मई 2026 को सचिव, लघु जल संसाधन विभाग को पईन सफाई और आरसीसी नाला निर्माण की स्वीकृति के लिए पत्र भेजा था. इसके बावजूद अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बरसात शुरू होने से पहले कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो एनएच-83 को अनिश्चितकाल के लिए जाम किया जाएगा.
प्रदर्शन को बसंत कुमार सिन्हा, बैजनाथ गुप्ता, रमेश कुमार दास, दिनेश प्रसाद, रामफल शर्मा, संजय यादव, सुजीत ठाकुर, रामचंद्र, भोला राम, हरेंद्र राम, रंजीत सिंह, लिली देवी, मुकेश स्वर्णकार, शंकर पासवान, कमल प्रसाद, गोपाल प्रसाद और पिंटू कुमार सहित कई लोगों ने संबोधित किया. अंत में फुलवारी शरीफ के अंचलाधिकारी द्वारा पईन की उड़ाही कराने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया.



