पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, पौधारोपण व प्रतियोगिताओं का आयोजन
फुलवारी शरीफ, तक्षशिला कॉलेज ऑफ एजुकेशन, हिन्दुनी, फुलवारी शरीफ में पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया. पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई.
कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण अभियान और पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुई. कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उपस्थित सभी लोगों को पृथ्वी की रक्षा का संकल्प दिलाया गया. इसके बाद पोस्टर प्रस्तुति, भाषण प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया.
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. सविता सिन्हा ने कहा कि पृथ्वी हमारी जीवनदायिनी है और इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जागरूकता नहीं दिखाई गई तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा संसाधनों के संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित किया.
कॉलेज के निदेशक इकबाल हसन ने भी अपने संबोधन में पृथ्वी संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मानव अस्तित्व की रक्षा के लिए पर्यावरण संतुलन बनाए रखना अनिवार्य है. उन्होंने सभी से जिम्मेदार नागरिक बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की.
कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही. सभी ने स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.



