BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatnaTravelरोजगार

टी वी एस शोरूम पर बदमाशों का धावा, मालिक व कर्मचारियों से मारपीट, सीसीटीवी के सहारे जांच में जुटी पुलिस

पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के बेलदारी चक स्थित एक टी वी एस शोरूम में मंगलवार की रात 10 से 15 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने हमला बोलकर जमकर उत्पात मचाया. अपराधियों ने शोरूम में घुसते ही मालिक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा शोरूम में दहशत का माहौल बना दिया. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी है.

जानकारी के अनुसार, शोरूम संचालक आलोक कुमार घटना के समय अपने कर्मचारियों के साथ शोरूम में मौजूद थे. इसी दौरान कई युवक अचानक अंदर घुस आए और बिना किसी विवाद के हमला शुरू कर दिया. बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. घटना के दौरान शोरूम में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे.

भागने की जल्दबाजी में अपराधियों की एक मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने छोड़ी गई मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना अध्यक्ष सुमन कुमार के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी प्रतीक्षा कुमारी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने घटनास्थल से छोड़ी गई मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया तथा शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

शोरूम संचालक आलोक कुमार ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गौरीचक थाना में लिखित शिकायत दी है. शिकायत के आधार पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Advertisement

थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जब्त मोटरसाइकिल के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी या फिर लूटपाट की नीयत से घटना को अंजाम दिया गया. उन्होंने कहा कि जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button