जीविका दीदियों के लिए सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की घोषणा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर फुलवारी शरीिफ में आंगनबाड़ी बच्चों के बीच वस्त्र वितरण.
फुलवारी शरीफ. (अजीत)
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन के अवसर पर फुलवारी शरीफ हाई स्कूल परिसर में जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए पोशाक का वितरण आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच किया गया. कार्यक्रम में बच्चों को नई पोशाक पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे. आंगनबाड़ी के बच्चों को पोशाक के साथ-साथ मिठाई भी वितरित की गई. इस अवसर पर केक काटकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन भी मनाया गया.
इस मौके पर विधायक श्याम रजक ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के कारण आज बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक समानता की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि पहले निजी विद्यालयों के बच्चे निर्धारित पोशाक में नजर आते थे, जबकि आंगनबाड़ी के बच्चे साधारण कपड़ों में दिखते थे, जो समानता के सिद्धांत के अनुरूप नहीं था. मुख्यमंत्री की पहल पर अब आंगनबाड़ी बच्चों को भी पोशाक उपलब्ध कराया जा रहा है और इसके निर्माण की जिम्मेदारी जीविका दीदियों को दी गई है, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं.
विधायक श्याम रजक ने फुलवारी शरीफ प्रखंड परिसर में जीविका दीदियों के लिए अपने विधायक निधि से जमीन उपलब्ध करा सिलाई प्रशिक्षण केंद्र खोलने की भी घोषणा की. उन्होंने बताया कि मार्च माह से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार का स्थायी अवसर मिल सकेगा.
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष आफताब, वार्ड पार्षद मोहम्मद मिनहाज, गुड्डू रजक, राम प्रवेश सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. पूरे समारोह में उत्साह और सामाजिक सरोकार का माहौल देखने को मिला.



