जमीन-मकान विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की पिटाई, सिर फोड़ा
टीवीएस शोरूम संचालक पर स्टाफ के साथ मारपीट का आरोप, लहूलुहान हालत में थाना पहुंचा राहुल कुमार; पीएचसी में लगे कई टांके
फुलवारी शरीफ, अजीत: गौरीचक थाना क्षेत्र के सोहगी मोड़ स्थित टीवीएस शोरूम के पास जमीन-मकान विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। सोनी गांव निवासी राहुल कुमार ने टीवीएस शोरूम संचालक चिंटू कुमार और उसके कर्मचारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। राहुल का कहना है कि वह अपने दो चाचाओं के बीच चल रहे जमीन और मकान विवाद में हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचा था। इसी दौरान आरोपितों ने कथित तौर पर उसे पकड़कर लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
राहुल के अनुसार मारपीट के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। सिर से खून निकलने के बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर गौरीचक थाना पहुंचा। उसकी हालत देखकर पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए संपतचक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
पीएचसी में चिकित्सकों ने उसके सिर की चोट का उपचार किया और कई टांके लगाए। इलाज के बाद राहुल ने गौरीचक थाने में आवेदन देकर घटना की शिकायत की।
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
राहुल कुमार ने अपने आवेदन में बताया है कि 20 सितंबर को जमीन विवाद को लेकर हुई घटना के दौरान चिंटू कुमार ने शोरूम में काम करने वाले स्टाफ के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। उसने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गयी।
राहुल का कहना है कि वह अपने चाचाओं के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने के लिए पहुंचा था, लेकिन इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गयी। उसने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
शिकायत मिलने के बाद गौरीचक थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस घटना की वास्तविक वजह, मारपीट में शामिल लोगों और मौके पर मौजूद अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना में किन-किन लोगों की भूमिका थी और मारपीट की वास्तविक वजह क्या थी।



