पुनपुन के पूर्व बीडीओ उदय कुमार पर विभागीय कार्रवाई
हाईकोर्ट के आदेश पर आरोप-पत्र गठित करने का निर्देश,कार्रवाई तेज.
मुख्यमंत्री ग्रामीण गली-नाली पक्कीकरण निश्चय योजना एवं पेयजल निश्चय योजना में हुई गड़बड़ी
फुलवारी शरीफ.पटना जिला प्रशासन ने पुनपुन प्रखंड के तत्कालीन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी उदय कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है. माननीय उच्च न्यायालय, पटना द्वारा सी.डब्ल्यू.जे.सी 7866/2025 में पारित आदेश के अनुपालन में पंचायती राज विभाग ने रीज़नएड एंड स्पीकिंग आर्डर जारी कर दोष तय करते हुए आरोप-पत्र गठित करने का निर्देश दिया है.
जिला पदाधिकारी, पटना ने अपने पत्रांक 3891 दिनांक 27.11.2025 के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी, मसौढ़ी को उदय कुमार पर आरोप-पत्र गठित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. आरोप है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण गली-नाली पक्कीकरण निश्चय योजना एवं पेयजल निश्चय योजना में तकनीकी स्वीकृति गलत तरीके से प्रदान की गई, जिसके कारण वित्तीय अनियमितता उजागर हुई.
परिवादी धनंजय मधु द्वारा की गई शिकायत के आधार पर पूर्व में तत्कालीन जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुषमा कुमारी की जाँच रिपोर्ट में गबन एवं अनियमितता के आरोप स्थापित पाए गए थे. वरीय अधिकारियों — उप विकास आयुक्त रिची पांडेय एवं तत्कालीन जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह — के अनुमोदन के बावजूद उदय कुमार को आरोपित नहीं करने पर तत्कालीन जिला पंचायत राज पदाधिकारी संजय कुमार वर्मा पर भी कार्रवाई की गई थी और उन्हें निलंबित किया गया था.
अब हाईकोर्ट के आदेश और विभागीय सुनवाई के बाद पुनः जिम्मेदारी तय करते हुए पुनपुन के पूर्व बीडीओ उदय कुमार के विरुद्ध औपचारिक विभागीय आरोप गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.



