अब कंप्यूटर चलाकर बदलेंगे मुसहर बच्चों का भविष्य, डिजिटल शिक्षा से जुड़कर समाज की मुख्यधारा में बढ़ाएंगे कदम
परसा में नारी गुंजन ने शुरू किया नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, 30 छात्र और 30 छात्राओं को मिलेगा आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण, विधायक श्याम रजक ने किया उद्घाटन.
फुलवारी शरीफ. वर्षों तक शिक्षा और तकनीक से दूर रहे मुसहर समुदाय के बच्चों के हाथों में अब कंप्यूटर का माउस होगा और उनकी नजरें डिजिटल दुनिया की नई संभावनाओं पर होंगी. फुलवारीशरीफ प्रखंड के परसा में शनिवार को नारी गुंजन की ओर से नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई. इस केंद्र का उद्घाटन विधायक श्याम रजक ने फीता काटकर किया. कार्यक्रम की शुरुआत नारी गुंजन की महिला बैंड की मधुर प्रस्तुति से हुई, जबकि पद्मश्री सुधा वर्गीज ने विधायक का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया.
ईडीएमई के सहयोग से संचालित इस प्रशिक्षण केंद्र में मुसहर समुदाय के 30 छात्र और 30 छात्राओं को पूरी तरह नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा दी जाएगी. प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को कंप्यूटर संचालन, डिजिटल साक्षरता और रोजगार से जुड़ी बुनियादी तकनीकी जानकारी दी जाएगी, ताकि वे बदलते दौर की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें.

विधायक श्याम रजक ने कहा कि आज के समय में कंप्यूटर का ज्ञान किसी भी युवा के लिए बड़ी ताकत है. यदि गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों को भी तकनीकी शिक्षा का अवसर मिले तो वे अपने जीवन की दिशा बदल सकते हैं. उन्होंने कहा कि यह केंद्र बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानजनक रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.
नारी गुंजन की सचिव पद्मश्री सुधा वर्गीज ने कहा कि समाज के सबसे वंचित वर्ग तक शिक्षा और तकनीक पहुंचाना ही संस्था का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि मुसहर समुदाय के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना केवल कंप्यूटर सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास है. जब ये बच्चे तकनीक सीखेंगे तो उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगे.
समाजसेवी एवं डेवलपमेंट कंसल्टेंट प्रकाश कुमार ने बताया कि मुसहर समुदाय की साक्षरता दर करीब 15 प्रतिशत है. ऐसे में कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र बच्चों और युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया है. उन्होंने कहा कि आज लगभग हर क्षेत्र में कंप्यूटर का ज्ञान जरूरी हो गया है और यह प्रशिक्षण उन्हें रोजगार की प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने में मदद करेगा.
बैंक ऑफ बड़ौदा के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ के विजय प्रकाश ने कहा कि नारी गुंजन लगातार ऐसे प्रयास कर रही है, जिससे समाज के सबसे कमजोर वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंच सकें.
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र मुसहर समुदाय के बच्चों के लिए केवल कंप्यूटर सीखने का स्थान नहीं, बल्कि उनके बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है. कार्यक्रम में सुधाकर कुमार, मैत्यूर रहमान, पप्पू कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, नारी गुंजन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.



