BiharCrimeFoodsHEALTHPatnaTravel

पटना गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं की ऑटो को हाइवा ने मारी टक्कर, तीन की मौत, 12 घायल.

फुलवारी शरीफ. अजीत यादव.कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए पटना आ रहे श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को सोमवार तड़के पटना–डोभी गया नेशनल हाईवे पर सिमरा गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ऑटो सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गया. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. घायल सड़क पर तड़पते रहे, परिजन व साथी रोते-चिल्लाते रहे और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. इसी बीच परसा बाजार थाना पुलिस और जीरोमाइल ट्रैफिक पुलिस पहुंचकर राहत-बचाव में जुट गई.

हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ. दो महिलाओं की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि एक पुरुष ने पीएमसीएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान इस प्रकार है–

1️⃣ ललीता देवी, 62 वर्ष, पति स्व. रामरतन मालाकार, ग्राम करनौथ, थाना मखदुमपुर, जिला जहानाबाद.
2️⃣ लता देवी, 44 वर्ष, पति संजय यादव, ग्राम अमरविगहा, थाना वेलागंज, जिला गया.
3️⃣ रामनरेश यादव, 55 वर्ष, पिता स्व. बाबू चांद यादव, ग्राम कमचक, थाना मखदुमपुर, जिला जहानाबाद – जिनकी मौत पीएमसीएच में इलाज के दौरान हुई.

सभी मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं और जहानाबाद के काको इलाके से कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए पटना जा रहे थे. ऑटो में महिलाएं, बच्चे और पुरुष समेत कुल 14 लोग सवार थे.

परसा बाजार थाना अध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि हाइवा चालक टक्कर मारकर फरार हो गया. वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है. जीरोमाइल ट्रैफिक थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि “दो की मौत घटनास्थल पर, एक की मौत इलाज के दौरान हुई है, हादसा काफी भयावह था.”

Advertisement

घायलों का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने हाइवा चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है. हादसे के बाद कुछ देर तक NH-22 पर अफरातफरी और भीड़ का माहौल बना रहा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button