पटना डेयरी में मनाई गई जयंती, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में उनके योगदान को किया गया याद
फुलवारी शरीफ, अजीत: श्वेत क्रांति के जनक और भारत में दुग्ध सहकारिता आंदोलन को नई पहचान दिलाने वाले पद्मविभूषण डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती पर गुरुवार को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पटना डेयरी प्रोजेक्ट परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। संघ के अध्यक्ष संजय कुमार और प्रबंध निदेशक रूपेश राज ने डॉ. कुरियन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. वर्गीज कुरियन का जन्म 26 नवंबर 1921 को केरल के कोझिकोड में हुआ था। उन्होंने भारत में दुग्ध उत्पादन और डेयरी उद्योग के विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में शुरू हुई श्वेत क्रांति ने भारत को दूध की कमी वाले देश से दुनिया के प्रमुख दुग्ध उत्पादक देशों में शामिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने किसानों को डेयरी व्यवसाय से जोड़ने और सहकारी समितियों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि डॉ. कुरियन ने किसानों को डेयरी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें संगठित करने और उनके दूध का उचित मूल्य दिलाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। किसानों के प्रति उनका विश्वास, समर्पण और आत्मनिर्भरता का विचार ही श्वेत क्रांति की आधारशिला बना। उन्होंने सहकारिता को किसानों की आर्थिक मजबूती का प्रभावी माध्यम बनाया।
संघ के प्रबंध निदेशक रूपेश राज ने कहा कि डॉ. वर्गीज कुरियन पटना डेयरी प्रोजेक्ट के संस्थापक अध्यक्ष थे। पटना डेयरी के विकास और सुदृढ़ीकरण में उनकी दूरदर्शी सोच, मार्गदर्शन और प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनका मानना था कि डेयरी उद्योग की वास्तविक ताकत ग्रामीण क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादक किसान हैं। किसानों की आर्थिक और सामाजिक समृद्धि के बिना सहकारिता आंदोलन सफल नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि डॉ. कुरियन ने सहकारिता के माध्यम से लाखों किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का रास्ता तैयार किया। उनका योगदान केवल दूध उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का व्यापक आंदोलन खड़ा किया। उनके विचार आज भी डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में संघ के निदेशक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी डॉ. कुरियन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके बताए सहकारिता, किसान हित और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।



