गाड़ी हटाने के विवाद में घर में घुसकर मां-बेटे पर हमला, युवक का सिर फोड़ा; बड़े भाई को भी पीटा
खलीलपुरा में मारपीट से मां-बेटे समेत तीन लोग घायल, गला पकड़कर जानलेवा हमला करने का आरोप; पुलिस से कार्रवाई की मांग
फुलवारी शरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के खलीलपुरा में गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद दो लोग घर में घुस गए और युवक तथा उसकी मां के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान युवक का सिर फोड़ दिया गया, जबकि उसकी मां को भी गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के बड़े भाई को भी पीटा गया और उनका गला पकड़कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है।
इस मामले में खलीलपुरा निवासी सन्नी कुमार ने फुलवारी शरीफ थाने में लिखित आवेदन देकर अजीत सिंह और उनके बेटे करण कुमार उर्फ आरव को आरोपित बनाया है।
पीड़ित के आवेदन के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे गाड़ी हटाने को लेकर अजीत सिंह गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर अजीत सिंह और उनके बेटे करण कुमार उर्फ आरव कथित तौर पर घर में घुस आए और सन्नी कुमार तथा उनकी मां के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान सन्नी का सिर फोड़ दिया गया और उनकी मां को भी गंभीर चोटें आईं।
आवेदन में आगे बताया गया है कि शोरगुल सुनकर सन्नी के बड़े भाई नेहाल कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उनका गला पकड़कर जानलेवा हमला किया गया।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।



